प्रदीप कुमार
लैंसडाउन-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। लैंसडाउन में ज्वैलरी शॉप का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 16 वर्षीय एक विधि विवादित किशोर को नागेश्वर मंदिर के पास जयहरीखाल रोड से संरक्षण में लिया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। दिनांक 17 नवंबर 2026 को लैंसडाउन निवासी रितिक शाह ने कोतवाली लैंसडाउन में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि अज्ञात चोर ने उनकी ज्वैलरी की दुकान का ताला तोड़कर सात गोल्ड प्लेटेड नेकलेस और दो गोल्ड प्लेटेड रानीहार के साथ दो गोल्ड प्लेटेड नथ तथा एक गोल्ड प्लेटेड बुलाक और एक गोल्ड प्लेटेड लॉकेट चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लैंसडाउन को शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक लैंसडाउन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारियों का गहन विश्लेषण किया। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई और सटीक साक्ष्यों के आधार पर मात्र 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा करते हुए 16 वर्षीय विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों में सात गोल्ड प्लेटेड नेकलेस और दो गोल्ड प्लेटेड रानीहार मय चेन के साथ दो गोल्ड प्लेटेड नथ तथा एक गोल्ड प्लेटेड बुलाक और एक गोल्ड प्लेटेड लॉकेट शामिल हैं। विधि विवादित किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र और अपर उपनिरीक्षक एवं सीआईयू से एहसान अली के साथ हेड कांस्टेबल चेतन सिंह तथा हेड कांस्टेबल संतोष कुमार और हेड कांस्टेबल सत्येन्द्र यादव एवं सीआईयू कांस्टेबल अवनीश शामिल रहे।
