Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में 28 नवंबर 2026 को मुख्य बाजार ऊखीमठ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि गुणवत्ता को लेकर संयुक्त औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जनस्वास्थ्य की सुरक्षा उपभोक्ता अधिकारों का संरक्षण तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री और गुणवत्तायुक्त औषधियां उपलब्ध कराना रहा। अभियान में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी मनोज कुमार सेमवाल तथा औषधि निरीक्षक अमित कुमार आजाद ने प्रतिभाग किया। टीम ने मुख्य बाजार ऊखीमठ स्थित विभिन्न खाद्य विक्रय प्रतिष्ठानों जनरल स्टोर और मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान नेगी जनरल स्टोर गिरीश मेडिकल्स और बर्त्वाल मेडिकल सहित अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों एवं औषधियों के सुरक्षित रख-रखाव तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति जांची गई। खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पैकेजिंग निर्माण एवं समाप्ति तिथि भंडारण व्यवस्था स्वच्छता खाद्य सामग्री को सुरक्षित एवं ढककर रखने की व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के लाइसेंस और पंजीकरण की जांच की गई। वहीं मेडिकल स्टोर में औषधियों की उपलब्धता एवं रख-रखाव दवाइयों की निर्माण एवं समाप्ति तिथि दवाओं के भंडारण की निर्धारित परिस्थितियों औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित आवश्यक अभिलेखों तथा औषधि विक्रय लाइसेंस की वैधता का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों एवं औषधियों के सुरक्षित भंडारण स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्धारित वैधानिक प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए गए। उन्हें विशेष रूप से हिदायत दी गई कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री और औषधियों को न तो बिक्री के लिए प्रदर्शित किया जाए और न ही उनका भंडारण किया जाए। उपभोक्ताओं को केवल निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री और दवाइयां ही उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि गुणवत्ता केवल विभागीय विषय नहीं हैं बल्कि ये प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य जीवन की गुणवत्ता और उपभोक्ता अधिकारों से सीधे जुड़े हुए हैं। प्रत्येक उपभोक्ता को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप औषधियां प्राप्त करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट एक्सपायरी सामग्री का विक्रय अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का भंडारण तथा औषधियों के रख-रखाव एवं विक्रय में निर्धारित मानकों की अनदेखी आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकती है। जनस्वास्थ्य से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है और प्रतिष्ठान संचालकों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि मानकों के अनुपालन की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलावट एक्सपायरी सामग्री के विक्रय अथवा औषधि संबंधी नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *