Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली कनखल क्षेत्र के ग्राम जिया पोता में स्थानीय लोगों की सतर्कता से हार्डवेयर की दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम हो गई। दुकान की छत और शटर तोड़कर चोरी करने की फिराक में सब्बल और आरी लेकर छत पर चढ़े दो संदिग्धों में से एक को लोगों ने पकड़ लिया जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर मौके से एक दुकोनी सब्बल एक सरिया काटने की आरी और दो सीढ़ियां बरामद की हैं। जानकारी के अनुसार 28 नवंबर 2026 को मिस्सरपुर निवासी विराज सैनी ने कोतवाली कनखल पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी कि ग्राम जिया पोता में उनकी हार्डवेयर की दुकान है। सुबह पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि दुकान की छत पर दो व्यक्ति सब्बल और आरी लेकर खड़े हैं और दुकान में चोरी करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही विराज सैनी अपने साथियों के साथ तत्काल दुकान पर पहुंचे। लोगों ने दोनों संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने भागने के लिए छत से छलांग लगा दी। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया जबकि दूसरा घायल हो गया। सूचना पर जगजीतपुर पुलिस चौकी से पहुंची पुलिस टीम ने पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मौके से चोरी के प्रयास में इस्तेमाल किए गए औजार तथा दो सीढ़ियां कब्जे में ले लीं। पकड़े गए आरोपी की पहचान धर्मवीर पुत्र स्वर्गीय जयपाल निवासी टोडा कल्याणपुर थाना कोतवाली रुड़की जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *