Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी देवेन्द्र पींचा ने जनपद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद 28 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन पौड़ी का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम गार्द की सलामी ग्रहण की। इसके बाद पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का क्रमवार निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से उनकी कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने शस्त्रागार स्टोर कार्यालय मनोरंजन कक्ष पुलिस बैरक फायर स्टेशन पुलिस भोजनालय पुलिस दूरसंचार केंद्र तथा पुलिस लाइन के आवासीय परिसरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रों के रखरखाव उपलब्ध संसाधनों अभिलेखों के संधारण स्वच्छता व्यवस्था और पुलिस कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शस्त्रागार में उपलब्ध शस्त्रों और उपकरणों की नियमित जांच की जाए तथा साप्ताहिक साफ-सफाई के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप उनका सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। स्टोर कार्यालय में उपलब्ध सामग्री का उचित रखरखाव और अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण करने के साथ आवश्यकतानुसार संसाधनों की उपलब्धता एवं उपयोगिता पर भी ध्यान देने को कहा। पुलिस भोजनालय में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता के साथ परिसर के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बैरकों और आवासीय परिसरों में साफ-सफाई पेयजल विद्युत तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने को कहा। इसके अलावा दूरसंचार रेडियो केंद्र और फायर स्टेशन की कार्यप्रणाली का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध उपकरणों और संसाधनों को हमेशा क्रियाशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को पुलिस लाइन की समस्त व्यवस्थाओं का नियमित पर्यवेक्षण करने और जहां भी सुधार की आवश्यकता हो वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन जनपदीय पुलिस बल की प्रशासनिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए यहां उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग कार्यालयी कार्यों में सुव्यवस्था परिसर में स्वच्छता तथा पुलिस कर्मियों के कल्याण और उनकी मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *