Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी देवेन्द्र पींचा ने 28 नवंबर 2026 को जनपद के पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक एवं वार्ता की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और जनपद की कानून-व्यवस्था पुलिस की कार्यप्रणाली जनसुरक्षा एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। एसएसपी ने कहा कि पुलिस और पत्रकारिता दोनों ही समाज के प्रति महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं। पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पारस्परिक सहयोग और सकारात्मक संवाद सुशासन एवं जनहित के लिए महत्वपूर्ण है। बैठक में एसएसपी ने जनपद में अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। नशे की बिक्री आपूर्ति परिवहन और वितरण से जुड़ी प्रत्येक कड़ी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि जनपद में यातायात सुचारु बनाए रखने और जाम की समस्या से निपटने के लिए बेहतर यातायात योजना तैयार की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित चेकिंग और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बढ़ते साइबर अपराधों को गंभीर चुनौती बताते हुए उन्होंने साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और साइबर ठगी के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ त्वरित और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और जनता में सुरक्षा की भावना विकसित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी। एसएसपी ने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पारस्परिक विश्वास और नियमित संवाद से जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने तथा आमजन तक सही और तथ्यपरक सूचनाएं पहुंचाने में सहायता मिलती है। इससे जनसुरक्षा और सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने पत्रकारों से पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव और सहयोग देने की अपेक्षा की। साथ ही आश्वस्त किया कि जनपद पुलिस मीडिया के साथ सकारात्मक एवं सहयोगात्मक संबंध बनाए रखते हुए जनहित से जुड़े विषयों पर आवश्यक सूचनाओं का समयबद्ध और तथ्यपरक आदान-प्रदान सुनिश्चित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *