प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार जिला आपदा परिचालन केंद्र से जनपद के विभिन्न घटनास्थलों पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वह विभिन्न घटनास्थलों पर तैनात इंसिडेंट कमांडरों से सीधे संपर्क स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ले रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। साथ ही संबंधित विभागों और रेस्क्यू टीमों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। मॉक ड्रिल के दौरान संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) टीमों के नेतृत्व में निर्धारित स्थलों पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इस अभ्यास में पुलिस एसडीआरएफ एनडीआरएफ स्वास्थ्य विभाग अग्निशमन राजस्व लोक निर्माण विभाग विद्युत परिवहन नगर निकायों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्मिक प्रतिभाग कर रहे हैं। अभ्यास के दौरान खोज एवं बचाव कार्यों घायलों को सुरक्षित निकालने प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का परीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया की तैयारियों को भी परखा जा रहा है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार से पैनिक न हों और न ही घबराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित अभ्यास है। उन्होंने आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और अफवाहों को फैलने से रोकने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
