Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत जोशीमठ के रविग्राम में प्रस्तावित मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। इससे स्थानीय युवाओं और उभरते खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रस्तावित मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सिंथेटिक ट्रैक एवं मल्टीप्लेक्स भवन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को धरातल पर उतारने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करते हुए कार्य शुरू करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से क्षेत्रीय जनता की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई। जनप्रतिनिधियों ने खेल मैदान के प्रस्तावित निर्माण स्वरूप में स्थानीय आवश्यकताओं और जनभावनाओं के अनुरूप बदलाव किए जाने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी जोशीमठ और जिला युवा कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं एवं सुझावों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में क्षेत्र की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि प्रस्तावित खेल मैदान का अधिकतम लाभ स्थानीय युवाओं और आम जनता को मिल सके तथा निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। बैठक में जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र द्विवेदी डीजीएम डीएस गर्बियाल सहित जोशीमठ के स्थानीय जनप्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *