Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों खनन एवं विस्फोट गतिविधियों श्रमिकों की सुरक्षा तथा निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों को होने वाली संभावित असुविधाओं के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने तहसीलदार कर्णप्रयाग और पोखरी को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत संचालित रेलवे निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान खनन विस्फोट श्रमिकों की आवाजाही तथा भारी वाहनों और ट्रकों के आवागमन पर विशेष निगरानी रखी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण गतिविधियों के कारण स्थानीय नागरिकों ग्रामीण क्षेत्रों और सार्वजनिक मार्गों पर किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खनन एवं विस्फोट संबंधी कार्यों के दौरान निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। विस्फोट से पहले संबंधित क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं तथा चेतावनी एवं सूचना प्रणाली को प्रभावी बनाया जाए ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा जनहानि की आशंका न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण एजेंसियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लेने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जनपद के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसलिए निर्माण कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के साथ ही आमजन की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल डिप्टी मैनेजर रेलवे किरण कुमार तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीएओ केदारनाथ रजत सुमन और तहसीलदार कर्णप्रयाग एवं पोखरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *