Spread the love

प्रदीप कुमार
पीपलकोटी/चमोली/श्रीनगर ऊ। पीपलकोटी में घर से लापता हुई 52 वर्षीय महिला का शव करीब 100 मीटर गहरी खाई से चमोली पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार 28 नवंबर को पीपलकोटी निवासी विजेंद्र वर्मा ने चौकी पीपलकोटी पहुंचकर अपनी पत्नी नीलम वर्मा के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और सुबह बिना बताए घर से कहीं चली गई थीं। सूचना मिलते ही पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पीपलकोटी बाजार के पीछे खेतों के पास महिला की चप्पलें मिलीं। आसपास तलाश करने पर महिला करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई मिलीं। उनकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। घटनास्थल की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चमोली के नेतृत्व में कोतवाली और चौकी पीपलकोटी पुलिस एसडीआरएफ तथा स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाया। मृतका के पति विजेंद्र वर्मा मूल रूप से बदायूं उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और वर्तमान में पीपलकोटी में ज्वेलर्स का कार्य करते हैं। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरने सहित अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्गम क्षेत्र में पुलिस एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने आपसी समन्वय एवं तत्परता से रेस्क्यू अभियान पूरा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *