Spread the love

पौड़ी में स्वास्थ्य विभाग ने विश्व जनसंख्या दिवस पर की जनजागरुकता गोष्ठी परिवार नियोजन पर दिया जोर

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।आज स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार में जनजागरुकता गोष्ठी का आयोजन करने के साथ ही जनपद में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाडे़ का शुभारम्भ किया गया। “स्वस्थ गर्भधारण और प्रसव के बीच अंतर के लिए योजना अनुसार पैरंटहुड“ थीम को लेकर विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जनसंख्या वृद्धि से होने वाले दुष्परिणामों के साथ ही परिवार नियोजन की आवश्यकता व परिवार नियोजन के साधनों को लेकर आम जन मानस को जागरुक करने हेतु मौजूद वक्ताओं द्वारा अपने विचार साझा किये गये।कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रमेश कुंवर ने कहा कि आज हमें लगातार बढ़ रही जनसंख्या पर नियंत्रण की आवश्यकता है।सीमित परिवार होने से बच्चों का अच्छे व स्वस्थ तरीके से पालन पोषण हो सकता है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से सरकारी चिकित्सा इकाइयों में स्थायी परिवार नियोजन के साथ ही अस्थायी परिवार नियोजन साधन निःशुल्क उपलब्ध हैं वहीं लाभार्थियों को परिवार नियोजन साधन अपनाने पर प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।अस्थायी परिवार नियोजन साधनों को लेकर लोगों के मन में विभिन्न भ्रांतियां हैं जिसके लिए व्यक्ति को प्रशिक्षित चिकित्सक व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से सलाह लेकर परिवार नियोजन साधनों को अपनाने पर जोर देना चाहिए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल ने परिवार नियोजन को लेकर काउंसलिंग पर जोर देते हुए कहा कि यह लाभार्थी की बास्केट ऑफ चॉइस पर निर्भर है कि लाभार्थी परिवार नियोजन को लेकर कौन सा साधन अपनाता है,परामर्शदाता को काउंसलिंग के दौरान लाभार्थी से परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई साधनों के बारे में पूर्ण और स्पष्ट जानकारी साझा करनी आवश्यक है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 11 जुलाई से 18 जुलाई 2025 तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जाएगा तथा 30 जुलाई 2025 तक जनपद में ब्लॉक स्तर पर नसबंदी शिविरों का आयोजन किया जाएगा जिसमें 12 जुलाई को थलीसैंण,और सतपुली,14 जुलाई को घंडियाल,18 जुलाई को कोट,19 जुलाई को मोटाढाक,21 जुलाई को पाटीसैंण व 30 जुलाई को नैनीडांडा में नसबंदी शिविर आयोजित कर स्थायी परिवार कल्याण सेवायें प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.विनय कुमार त्यागी,डॉ.श्वेता नवानी,ए.एन.एम.विधि भंडारी,परिवार नियोजन परामर्शदाता सीमा काला,रिटेनर अधिवक्ता कुसुम नेगी,आंगनबाड़ी कार्यकर्ती रिंकी रावत,संगीता,हेमलता नेगी,मीनाक्षी जोशी,आशा कार्यकत्रियां व अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp