ऊखीमठ तहसील के गोबला तोक में आपदा प्रभावित परिवारों को प्रशासन द्वारा राहत सामग्री वितरित
प्रदीप कुमार
ऊखीमठ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।मानसून काल के दौरान उत्पन्न आपदा की स्थिति को देखते हुए तहसील ऊखीमठ के ग्राम मचकंडी के गोबला तोक में प्रभावित परिवारों की सहायता हेतु आज तहसील प्रशासन द्वारा राहत सामग्री का वितरण किया गया।प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया के तहत कुल 10 प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार एक खाद्यान्न किट प्रदान की गई। इन किटों में दैनिक उपभोग की आवश्यक वस्तुएं जैसे आटा,चावल,दाल,चीनी,नमक एवं खाद्य तेल सम्मिलित थीं,जिससे प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्राप्त हो सके।इससे पूर्व भी तहसील प्रशासन द्वारा प्रभावितों को खाद्यान्न किट के साथ टेंट एवं तिरपाल आदि आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है।वर्तमान में प्रभावित परिवारों के विस्थापन की प्रक्रिया प्रगति पर है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर आवश्यक संसाधन एवं सहायता समय पर मुहैया कराई जाए।आपदा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है,और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में शीघ्र कार्यवाही के लिए प्रशासन पूर्ण रूप से तत्पर है।राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान राजस्व निरीक्षक विनोद रतूड़ी,राजस्व उपनिरीक्षक अजय नेगी (बाड़व),पी.आर.डी.जवान भगत सिंह,एवं डी.डी.आर.एफ.के जवान उपस्थित रहे। सभी कार्मिकों ने समन्वित प्रयासों के साथ राहत सामग्री का संगठित एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया।जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा पुनः आश्वस्त किया गया कि आपदा प्रभावितों को आवश्यकता अनुसार आगे भी सभी आवश्यक सहायता निरंतर रूप से प्रदान की जाएगी।
