Spread the love

बेस अस्पताल में ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण के चलते रैन बसेरे का अस्थायी उपयोग बंद अफवाह फैलाने वालों पर सख्त रुख

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।बेस अस्पताल परिसर में इन दिनों ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। इसी के मद्देनज़र एहतियातन रैन बसेरे (नाइट शेल्टर) का उपयोग फिलहाल स्थगित कर दिया गया है,ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी तीमारदार या आमजन को कोई असुविधा या सुरक्षा संबंधी जोखिम न हो।इस संबंध में जानकारी देते हुए अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अजेय विक्रम सिंह ने बताया कि रैन बसेरे के बिल्कुल समीप ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान भारी मशीनों की आवाजाही और मलबा गिरने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि रैन बसेरे में फिलहाल तीमारदारों को नहीं ठहराया जाएगा। यह कदम पूरी तरह से लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।डॉ.सिंह ने साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोगों द्वारा अस्पताल की छवि को धूमिल करने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो और बयान प्रसारित किए जा रहे हैं,जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है। अस्पताल प्रशासन इस तरह की अफवाहबाज़ी को गंभीरता से ले रहा है और आमजन से अपील की है कि केवल अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।उन्होंने कहा कि जैसे ही निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा और स्थिति पूरी तरह सुरक्षित होगी,रैन बसेरे को पुनः तीमारदारों के लिए खोल दिया जाएगा।चिकित्सालय प्रशासन की प्राथमिकता मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा तथा बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp