गुड गवर्नेंस बैठक में DM ने अतिक्रमण हटाने और सड़कों को 15 दिन में गड्ढा मुक्त करने के दिए निर्देश
प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने शनिवार को एनआईसी कक्ष में गुड गवर्नेंस से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागीय कार्यों का संचालन प्रभावी और जवाबदेह तरीके से करें।आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने पौड़ी शहर में अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से नहीं लेने पर उपजिलाधिकारी व नगर पालिका ईओ पौड़ी से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने निर्देश दिए कि अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।इसके साथ ही लोनिवि,पीएमजीएसवाई और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे 15 दिनों के भीतर जिले की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करें। शहरी स्वच्छता पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने नगर निकाय के अधिकारियों को नालियों की साफ-सफाई नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने पशुपालन विभाग को जिले की सभी गौशालाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में बायोमेट्रिक प्रणाली लागू करने के निर्देश भी दिए हैं।साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग से संबंधित समस्या सोशल मीडिया या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पर आती है,तो संबंधित अधिकारी उसका त्वरित समाधान कर उसकी रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएं।बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल,संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट,पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर,मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल,मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार यादव समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
