Spread the love

रेनबो पब्लिक स्कूल श्रीनगर गढ़वाल के छात्र उदित शर्मा का NDA परीक्षा में चयन क्षेत्र में खुशी की लहर

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। रेनबो पब्लिक स्कूल श्रीनगर (गढ़वाल) के छात्र उदित शर्मा ने अपने पहले ही प्रयास में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) परीक्षा 2025 उत्तीर्ण कर विद्यालय,जनपद और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित इस परीक्षा में उदित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 343 प्राप्त की है।भारत सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, कुल 735 अभ्यर्थियों ने NDA एवं नौसेना अकादमी परीक्षा (I) 2025 में सफलता अर्जित की है। यह परीक्षा 13 अप्रैल 2025 को आयोजित हुई थी। चयनित अभ्यर्थियों को सेना,नौसेना और वायुसेना की विभिन्न शाखाओं में प्रवेश दिया जाएगा।उदित शर्मा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता छात्र की मेहनत,शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण का परिणाम है।विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उदित ने विद्यालय ही नहीं,पूरे श्रीनगर गढ़वाल का नाम ऊंचा किया है। उसकी यह सफलता रेनबो पब्लिक स्कूल के अनुशासित शिक्षण वातावरण और विद्यार्थियों के समर्पण की पहचान है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा रहे हैं।विद्यालय परिवार ने उदित शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता से न केवल विद्यालय,बल्कि श्रीनगर गढ़वाल का भी मान बढ़ा है।उदित ने अपने समर्पण और लगन से यह सिद्ध किया है कि दृढ़ निश्चय और मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।विद्यालय ने उदित शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp