Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के नेतृत्व और स्पष्ट निर्देशों के क्रम में चमोली पुलिस ने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दो अलग-अलग मामलों में त्वरित,सतर्क और मानवीय कार्रवाई कर सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। दोनों ही मामलों में सभी नाबालिगों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पहला मामला: तीन नाबालिग बच्चे सकुशल बरामद
27 नवंबर 2025 को चौकी गौचर को चौकी घोलतीर,जनपद रुद्रप्रयाग से सूचना प्राप्त हुई कि उनके क्षेत्र से तीन नाबालिग बच्चे बिना बताए घर से निकल गए हैं और उनके गौचर की ओर आने की संभावना है। सूचना मिलते ही चौकी गौचर पुलिस कर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए गौचर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की और आसपास सघन तलाश अभियान चलाया।पुलिस की सतर्कता और समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप तीनों नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।पुलिस टीम,उप निरीक्षक मानवेन्द्र सिंह,हेड कांस्टेबल प्रदीप बहुखण्डी,कांस्टेबल सुशील आर्य,कांस्टेबल कमलेश सजवाण,होमगार्ड कर्णपाल,
दूसरा मामला: नाराज होकर गई 15 वर्षीय किशोरी को खोज निकाला
दूसरे मामले में थाना पोखरी क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी की माता द्वारा सूचना दी गई कि उनकी 15 वर्षीय बेटी नाराज होकर घर से चली गई है और उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत सुरागरसी और तलाश शुरू की।त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई के परिणामस्वरूप नाबालिग किशोरी को ऊखीमठ,जनपद रुद्रप्रयाग में रिश्ते में दूर की बहन के ससुराल से सकुशल बरामद कर लिया गया और परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस टीम,हेड कांस्टेबल महेन्द्र कुमार,महिला कांस्टेबल दीप्ति,होमगार्ड जसपाल,होमगार्ड दिनेश,चमोली पुलिस ने इन दोनों मामलों में यह स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के संबंध में हर सूचना महत्वपूर्ण होती है और समय पर की गई कार्रवाई से ही सुरक्षित परिणाम सुनिश्चित किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp