Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के गोपेश्वर परिसर स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बीएड विभाग में प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशी छात्रों के स्वागत के लिए प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया,जिससे वातावरण सकारात्मक और प्रेरणादायी रहा। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक चमोली ने कहा कि यहां से शिक्षित होकर निकलने वाले विद्यार्थी न केवल अपने भविष्य को बेहतर बनाएंगे,बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन,समर्पण,नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशा और साइबर अपराध जैसे सामाजिक खतरों से दूर रहने की सलाह दी।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है और इसे सही दिशा देना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि चमोली पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाए जा रहे हैं और युवाओं से अपेक्षा की कि वे नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं को सकारात्मक सोच,आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।उन्होंने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताते हुए भविष्य में शिक्षक बनने वाले विद्यार्थियों से समाज में अच्छे मूल्यों और सकारात्मक विचारों को स्थापित करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रशासन और शिक्षकों द्वारा पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बीएड द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षार्थियों को छात्र परिषद की कार्यकारिणी के अंतर्गत दायित्व सौंपे गए। साथ ही वर्ष भर आयोजित विभिन्न शैक्षिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साइबर सेल चमोली द्वारा नशा और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता से जुड़े पंपलेट भी वितरित किए गए। इस दौरान प्राचार्य एमपी नगवाल,बीएड विभागाध्यक्ष अमित जयसवाल,सुबोध प्रेम विद्या मंदिर गोपेश्वर के प्रबंधक राकेश गैरोला सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp