Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।हरिद्वार उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में विकासखंड भगवानपुर के खेड़ी शिकोहपुर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय तेलपुरा में जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 1425 क्षेत्रवासियों को लाभान्वित किया गया,जबकि 470 लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में कुल 2030 लोगों ने सहभागिता की। शिविर के दौरान क्षेत्रीय जनता द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 147 शिकायतें दर्ज कराई गईं,जिनमें से 96 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पहली बार सभी न्याय पंचायतों में जन जन की सरकार जन जन के द्वार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में दो हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया और लगभग 1895 लोगों को योजनाओं से लाभ मिला। उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि शिविर में दर्ज शिकायतों में विद्युत बिल,भूमि विवाद,राशन,अवैध कब्जा,जाति एवं जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित समस्याएं शामिल थीं। इनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर किया गया,जबकि शेष मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जनपद को साफ,स्वच्छ और सुंदर बनाए जाने के उद्देश्य से शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अनीश गौड़,मंडल महामंत्री बुग्गावाला झबल सिंह सहगल,भाजपा नेता सतीश कुमार,खंड विकास अधिकारी भगवानपुर आलोक गार्गेय,तहसीलदार दयाराम सहित ग्राम प्रधान,पंचायत सदस्य,अधिकारी,कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp