Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।8 जनवरी 2026 को कोटद्वार क्षेत्र में कण्व आश्रम के समीप एक नाबालिग बालक संदिग्ध अवस्था में अकेला घूमता हुआ पाया गया। बालक मानसिक रूप से घबराया हुआ था और सही ढंग से अपना नाम व पता बताने में असमर्थ था। स्थिति की गंभीरता और बालक की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने उसे तत्काल थाने लाकर सुरक्षित संरक्षण में रखा। कोटद्वार पुलिस टीम ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित और सतर्क कार्रवाई की तथा बालक के परिजनों की पहचान और संपर्क के लिए लगातार प्रयास किए। इन प्रयासों के दौरान बालक के भाई विवेक नेगी,निवासी थैलीसैण,हाल पता कोटद्वार से संपर्क स्थापित किया गया और उन्हें थाने बुलाया गया। थाने पहुंचने पर विवेक नेगी ने बताया कि बालक के माता पिता ने उसे पढ़ाई के उद्देश्य से उनके पास भेजा था,लेकिन वह अचानक बिना बताए घर से चला गया था,जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। आवश्यक पूछताछ और सत्यापन के बाद पुलिस ने नाबालिग बालक को सकुशल उसके भाई विवेक नेगी के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई नाबालिग संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें,ताकि समय रहते उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp