Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी के पास अलकनंदा नदी के किनारे बीते दो दिनों से एक गाय के फंसे होने की सूचना चौकी पीपलकोटी को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बल,एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। गाय जिस स्थान पर फंसी हुई थी,वहां पहुंचना बेहद जोखिम भरा था। रात का अंधेरा,पहाड़ी की संकरी और फिसलन भरी ढलान तथा नीचे तेज बहाव वाली नदी रेस्क्यू में बड़ी चुनौती बनी हुई थी। इसके बावजूद पुलिस,एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने आपसी समन्वय,सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए अभियान को आगे बढ़ाया। रेस्क्यू टीम के जवान गहरी खाई में उतरे और रस्सियों की मदद से गाय को सुरक्षित तरीके से बांधा गया। इसके बाद काफी देर तक चले कठिन प्रयासों और कड़ी मशक्कत के बाद नदी किनारे फंसी गाय को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि गाय को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे। रात के समय विपरीत परिस्थितियों में किए गए इस सफल रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की और पुलिस व रेस्क्यू टीमों के प्रयासों की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp