Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। धर्मनगरी हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपदभर में महा स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नव वर्ष के अवसर पर शुरू किया गया यह अभियान एक माह 23 दिन से निरंतर जारी है,जिसकी स्वयं जिलाधिकारी द्वारा नियमित निगरानी की जा रही है। अभियान का सकारात्मक असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि महा स्वच्छता अभियान के तहत शहर से लेकर गांव,कस्बों और प्रमुख सड़क मार्गों तक निरंतर सफाई कराई जा रही है। उन्होंने जनपदवासियों,धार्मिक संस्थाओं,व्यापार मंडलों,जनप्रतिनिधियों और गैर सरकारी संगठनों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। साथ ही लोगों से अपने घर,आंगन और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया है,ताकि हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और मॉडल जनपद के रूप में विकसित किया जा सके।अभियान के तहत विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा सफाई कार्य किए जा रहे हैं।बीएचईएल नगर प्रशासन की ओर से स्वर्ण जयंती पार्क गेट नंबर एक और सेक्टर तीन क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। बीएचईएल टाउनशिप प्रशासन द्वारा क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा रानीपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की सफाई कराई गई। सड़क किनारे एकत्र कचरे को ट्रकों के माध्यम से डंपिंग जोन भेजकर निस्तारित किया गया। इसके साथ ही विकास खंड स्तर पर भी अभियान को गति दी गई।विकास खंड बहादराबाद के अंतर्गत अजीतपुर क्षेत्र में नालियों की सफाई कराई गई,जबकि विकास खंड रुड़की में ग्राम पंचायत नन्हेड़ा अनंतपुर क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गांव-गांव और घर-घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जाए और इस अभियान में सभी लोग सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रशासन का कहना है कि सामूहिक प्रयासों से ही जनपद को साफ,स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp