Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।मुख्यमंत्री के निर्देशन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 16 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक जनपद में महा स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए विस्तृत रोस्टर जारी किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और व्यवस्थित बनाना है, ताकि तीर्थ नगरी की पहचान और गरिमा बनी रहे।स्वच्छता पखवाड़े के दौरान जनपद के सभी प्रमुख स्थानों,कार्यालयों,सार्वजनिक स्थलों,मार्गों और संस्थानों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा। जारी रोस्टर के अनुसार 16 और 17 जनवरी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना और चौकियों में विशेष सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 17 जनवरी को उप वन संरक्षक और प्रभागीय वनाधिकारी के नेतृत्व में वन क्षेत्रों और उनके आसपास के प्रवेश द्वारों में स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। 18 जनवरी को एचआरडीए सचिव के नेतृत्व में प्राधिकरण क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थलों पर सफाई कराई जाएगी। 19 जनवरी को फायर सर्विस और पीएससी द्वारा जनपदीय कार्यालयों और कार्य क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलेगा। 20 जनवरी को ट्रैफिक पुलिस द्वारा जनपद के सभी प्रमुख चौराहों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। 21 जनवरी को रेलवे प्रशासन और परिवहन निगम द्वारा रेलवे स्टेशन,रेलवे ट्रैक के आसपास,बस स्टैंड परिसर और बस स्टॉप पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 22 जनवरी को सहायक आयुक्त वाणिज्य कर द्वारा वाणिज्य कर कार्यालयों में सफाई अभियान कराया जाएगा। 23 जनवरी को परिवहन प्रवर्तन और प्रशासन विभाग द्वारा सभी राजमार्गों और चेकपोस्टों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 24 जनवरी को राष्ट्रीय राजमार्ग इकाई द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों,सर्विस लेन और फ्लाईओवर के आसपास सफाई के साथ-साथ साइनेज और अवरोधकों की मरम्मत की जाएगी। 25 जनवरी को ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के अधिकार क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जाएगा। 26 जनवरी को एनआरएलएम और एनयूएलएम के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा सभी विकासखंडों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 27 जनवरी को सिंचाई,लघु सिंचाई और नलकूप विभाग द्वारा जल स्रोतों,नहरों,रजवाहों और नलकूप परिसरों के आसपास सफाई कराई जाएगी।28 जनवरी को दुग्ध और गन्ना विभाग द्वारा गौशालाओं,दुग्ध समितियों,डेयरी केंद्रों,गन्ना समितियों,तोल केंद्रों,चीनी मिलों और विभागीय मार्गों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 29 जनवरी को समाज कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों,विद्यालयों,आश्रम पद्धति स्कूलों और बालगृहों में सफाई अभियान कराया जाएगा। 30 जनवरी को जिला सेवा योजन अधिकारी द्वारा संबंधित संस्थानों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 31 जनवरी को जिला क्रीड़ा अधिकारी,डीआईसी और सिडकुल प्रबंधन के नेतृत्व में खिलाड़ियों और उद्यमियों के सहयोग से खेल मैदानों,औद्योगिक क्षेत्रों और उनके आसपास विशेष सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तय तिथियों पर अभियान को गंभीरता से संचालित करें और स्वच्छता पखवाड़े को जनसहभागिता के साथ सफल बनाएं,ताकि हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर जनपद के रूप में विकसित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp