प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व और निर्देशन में चलाया जा रहा सफाई अभियान आज दो माह पूर्ण कर चुका है। यह अभियान शहर से लेकर गांव और कस्बों तक निरंतर चलाया जा रहा है,जिसका सकारात्मक प्रभाव अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जनपद को स्वच्छ बनाए रखने की दिशा में सफाई अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों का विभागवार रोस्टर जारी किया गया है। इसके तहत 31 जनवरी तक पूरे जनपद में महा स्वच्छता अभियान पखवाड़ा संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए,ताकि हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और आदर्श जनपद के रूप में विकसित किया जा सके। आज चलाए गए महा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत वन विभाग की ओर से उप प्रभागीय वनाधिकारी पूनम कैथोला ने जानकारी दी कि जनपद की सभी वन चौकियों और उनके आसपास के वन मार्गों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान रुड़की, चिड़ियापुर,हरिद्वार,लक्सर, रसियाबड़ और श्यामपुर क्षेत्रों में सफाई कार्य किया गया।बीएचईएल नगर प्रशासन की ओर से नगर प्रशासक संजय पवार ने बताया कि बीएचईएल टाउनशिप क्षेत्र में सेक्टर एक स्थित टाइप चार आवासों और आकांक्षा विद्यालय के समीप सड़क किनारे झाड़ी कटान किया गया तथा बागवानी अपशिष्ट और कूड़े का निस्तारण कर क्षेत्र को स्वच्छ किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से प्रोजेक्ट प्रबंधक अतुल शर्मा ने अवगत कराया कि दुधाधारी फ्लाईओवर और ऋषिकुल तिराहा क्षेत्र में सफाई कार्य कराया गया। वहीं ग्राम पंचायत सराय बहादराबाद में सड़क किनारे और तालाब के आसपास जमा कूड़े को हटाने के साथ पौधारोपण भी किया गया। खंड विकास अधिकारी खानपुर ने बताया कि उनके क्षेत्र में चंद्रपुरी बांगर,माड़ाबेला,शेरपुर बेला महाजीटिप और तुगलपुर गांवों में सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग आठ कुंटल कूड़ा एकत्रित किया गया। खंड विकास अधिकारी रुड़की ने जानकारी दी कि ब्रह्मपुर,शंकरपुरी और मुलदसपुर माजरा गांवों में साफ सफाई का कार्य किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि गांव गांव और घर घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जाए और सभी नागरिक इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। प्रशासन ने कहा कि जनसहयोग से ही हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
