Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जगजीतपुर चौकी से भगत सिंह चौक तक एक भव्य सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार जितेंद्र मेहरा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अनुशासित ढंग से सहभागिता करते हुए सड़क सुरक्षा का सशक्त संदेश आमजन तक पहुंचाया। इस अवसर पर एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा,परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी,संगीता धीमान, रविंद्र पाल सैनी,हरीश रावल,भारत भूषण,टीएसआई हितेश कुमार एवं प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले व्यक्तियों द्वारा अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने,चार पहिया वाहन चालकों और यात्रियों द्वारा सीट बेल्ट का प्रयोग करने,वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बातचीत न करने,ओवरस्पीडिंग से बचने,नशे की अवस्था में वाहन न चलाने,गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करना रहा। रैली के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित बैनर,पोस्टर और नारों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है,जबकि यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें,निर्धारित गति सीमा का पालन करें और मोबाइल फोन का उपयोग न करें। साथ ही यह भी बताया गया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग केवल औपचारिकता नहीं,बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी नागरिकों के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है तथा सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp