Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।27 जनवरी को आयोजित होने वाले समान नागरिक संहिता दिवस को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा,प्रचार प्रसार और पंजीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि समान नागरिक संहिता दिवस के आयोजन को जन आंदोलन का रूप दिया जाए और सभी अधिकारी अपने अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद का मुख्य कार्यक्रम ऋषिकुल महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा,जबकि प्रत्येक विकास खंड मुख्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि 21 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा विवाहित नागरिकों का समान नागरिक संहिता पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराया जाए। इसके लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाएं,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,आशा और एएनएम के माध्यम से गांव गांव और वार्ड स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाएगा। साथ ही स्टीकर और पंपलेट तैयार कर उन्हें गैस सिलेंडर,वाहनों,टेंपो,ऑटो रिक्शा और दोपहिया वाहनों पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए। सभी ग्राम पंचायतों में पोस्टर लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए ताकि अधिक से अधिक लोग पंजीकरण कर सकें। मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि समान नागरिक संहिता के विषय पर सभी स्कूलों और कॉलेजों में निबंध और वाद विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। प्रत्येक विकास खंड से तीन तीन छात्र छात्राओं का चयन कर जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी,जिसमें प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को समान नागरिक संहिता पंजीकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गांव और वार्ड को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त रुड़की राकेश चंद्र तिवारी,उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला,जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश,जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह,मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी,सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अशोक कुमार तोमर,उप मुख्य नगर अधिकारी ऋषभ उनियाल सहित सभी खंड विकास अधिकारी,नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *