Spread the love

प्रदीप कुमार
ज्वालापुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।भारत सरकार द्वारा हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर चयनित किए जाने वाले सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशनों की सूची में इस वर्ष उत्तराखंड से कोतवाली ज्वालापुर,जनपद हरिद्वार का नाम शामिल किया गया है। यह उपलब्धि हरिद्वार पुलिस और उत्तराखंड पुलिस के लिए गौरव का विषय है। इस उपलब्धि के लिए कोतवाली ज्वालापुर के प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा को आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष देशभर के पुलिस थानों का भौतिक निरीक्षण किया जाता है,जिसके आधार पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशनों की सूची जारी की जाती है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण,पारदर्शी,संवेदनशील और जनसेवाभावी पुलिसिंग को बढ़ावा देना है।कोतवाली ज्वालापुर का निरीक्षण 5 अक्टूबर 2025 को भारत सरकार की टीम द्वारा किया गया था। चयन प्रक्रिया के दौरान अपराध नियंत्रण और रोकथाम को प्रमुख आधार बनाया गया। इसमें कुल अपराध दर में कमी,संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण,गंभीर अपराधों का समयबद्ध खुलासा,वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग,दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी,लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण और समय पर आरोप पत्र दाखिल करने जैसे मानकों का मूल्यांकन किया गया। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था प्रबंधन के अंतर्गत संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग,त्योहारों,मेलों,जुलूसों और आपात स्थितियों में बेहतर व्यवस्था तथा तनावपूर्ण हालात में त्वरित नियंत्रण की क्षमता को भी परखा गया। जनता से शालीन और संवेदनशील व्यवहार,शिकायतों का समयबद्ध समाधान,जनसुनवाई और बीट पुलिसिंग के माध्यम से जनसंतोष,महिलाओं,बच्चों,वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्ग की सुरक्षा,साइबर और तकनीकी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई,आधुनिक तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग,थाना परिसर की स्वच्छता,प्रशासनिक दक्षता और मानवाधिकारों के सम्मान जैसे बिंदुओं पर भी समग्र मूल्यांकन किया गया। कोतवाली ज्वालापुर का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हरिद्वार पुलिस की प्रतिबद्धता,कर्मठता और जनता के विश्वास का प्रतीक है। यह उपलब्धि भविष्य में और अधिक प्रभावी,संवेदनशील और भरोसेमंद पुलिसिंग के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp