Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ, स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में पिछले 2 माह 7 दिन से निरंतर व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व एवं निर्देशन में यह अभियान शहर से लेकर गांव और कस्बों तक प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है,जिसका असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जनपद को स्वच्छ बनाने की दिशा में अभियान को और अधिक गति देने के लिए जिलाधिकारी द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों का विभागवार रोस्टर तैयार किया गया है। इसके तहत 31 जनवरी तक जनपद में महा स्वच्छता अभियान पखवाड़ा चलाया जा रहा है।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता अभियान में सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित किया जाए,ताकि तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श जनपद के रूप में विकसित किया जा सके। महा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों,नगर निकायों और विकास खंडों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई के व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बीएचईएल टाउनशिप प्रशासन द्वारा भी सफाई अभियान चलाया गया। बीएचईएल नगर प्रशासक संजय पवार ने जानकारी दी कि फायर गेट चौराहे से शास्त्री मार्ग होते हुए मुख्य अस्पताल बीएचईएल तक व्यापक सफाई कार्य किया गया।ग्रामीण क्षेत्रों में भी खंड विकास अधिकारियों द्वारा अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।खंड विकास अधिकारी खानपुर ने बताया कि ग्राम पंचायत कानेवाली और पौडोवा गिद्धावाली क्षेत्र में साफ-सफाई अभियान चलाकर लगभग 9 कुंटल कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया। वहीं खंड विकास अधिकारी रुड़की ने ग्राम पंचायत बड़ेडी राजपुतान और दौलतपुर क्षेत्र में सफाई कार्य कराए जाने की जानकारी दी। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ हरिद्वार,सुंदर हरिद्वार के निर्माण के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।प्रशासन का संदेश है कि अब कोई बहाना नहीं चलेगा और स्वच्छता अभियान में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp