Spread the love

प्रदीप कुमार
खिर्सू/श्रीनगर गढ़वाल।उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने खिर्सू विकासखंड के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र धारखोला के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह उप स्वास्थ्य केंद्र 55.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा,जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को सुलभ,समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता प्रत्येक व्यक्ति तक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत स्वास्थ्य ढांचा विकसित करना आवश्यक है,ताकि लोगों को छोटी से छोटी बीमारी के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़े। उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं,रोग निवारण,टीकाकरण और प्रारंभिक उपचार जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।डॉ.रावत ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को समय पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल जाती हैं,तो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है और वह शीघ्र स्वस्थ हो जाता है। गंभीर मामलों में मरीज को नजदीकी उच्च स्तरीय अस्पताल में उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र धारखोला के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार होगा। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सुरक्षित,सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्राप्त हों। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष संपत रावत,मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला,ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि,पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp