Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।बेस अस्पताल श्रीनगर में रविवार को अस्पताल कर्मियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा की शुरुआत की गई। केंद्रीय प्रयोगशाला के ऊपर स्थापित क्रेच (शिशु देखभाल केंद्र) का शुभारंभ माननीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों,नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा और कार्यस्थल पर महिलाओं की भागीदारी को और सशक्त बनाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कामकाजी माता-पिता,विशेषकर महिला कर्मचारियों को अपने छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर अक्सर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस क्रेच के संचालन से अब उन्हें राहत मिलेगी और वे निश्चिंत होकर अपनी सेवाएं दे सकेंगी। इस अवसर पर बेस अस्पताल के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने जानकारी देते हुए बताया कि क्रेच केंद्र प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित रहेगा। इसमें संस्थान में कार्यरत सभी कर्मचारी अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को ड्यूटी के समय सुरक्षित रूप से रख सकेंगे। केंद्र में बच्चों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग अधिकारी,आया एवं अटेंडेंट की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए केंद्र में विभिन्न प्रकार की खेल-कूद और मनोरंजन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है,ताकि बच्चे सुरक्षित वातावरण में खुशहाल समय बिता सकें। क्रेच का संचालन चिकित्सा अधीक्षक की प्रत्यक्ष निगरानी में किया जाएगा,जिससे देखभाल की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत,भाजपा नेता वासुदेव कंडारी सहित अस्पताल के कई वरिष्ठ अधिकारी,कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अस्पताल के कर्मचारियों के हित में एक सराहनीय कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp