श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार शहर का माहौल खराब करने और सार्वजनिक शांति भंग करने के प्रयासों के विरुद्ध पौड़ी पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।दिनांक 31 जनवरी 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि कोटद्वार में पूर्व में बाबा ड्रेस की दुकान पर हुए आपसी विवाद को लेकर कुछ लोग दीपक कुमार के विरोध में उसके जिम तथा पटेल मार्ग स्थित बाबा ड्रेस की दुकान पर प्रदर्शन करने आ रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा नारेबाजी करते हुए सड़क जाम की गई और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का प्रयोग कर सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास किया गया।पुलिस द्वारा रोकने पर प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस बैरियर हटाकर नारेबाजी व गाली-गलौच करते हुए सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न करने लगे। इस दौरान लगभग 30 से 40 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डाली गई,जिससे सार्वजनिक व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हुआ। इस संबंध में उप निरीक्षक विनोद चपराना द्वारा कोतवाली कोटद्वार में आरोपित व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज कराया गया।इसी क्रम में वकील अहमद,निवासी कोटद्वार द्वारा दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर भी कोतवाली कोटद्वार में अलग मामला दर्ज किया गया।इसके अतिरिक्त कमल पाल,निवासी कोटद्वार द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में दीपक उर्फ अक्की,विजय रावत एवं उनके अन्य साथियों पर गाली-गलौज करने,जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया गया। उक्त शिकायत के आधार पर भी संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।कोटद्वार क्षेत्र में दो संगठनों के बीच उत्पन्न हुए आपसी विवाद की स्थिति को प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से संज्ञान में लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में प्राप्त सभी तहरीरों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति या संगठन को अराजकता फैलाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शांति भंग करने,अफवाह फैलाने या उकसावेपूर्ण गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
