Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। स्वच्छता के संकल्प को हर घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने एक महत्वपूर्ण और समावेशी निर्णय लिया है। नगर निगम ने किन्नर समाज की प्रतिनिधि सोनिया को स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया है। उत्तराखंड में यह पहली बार है जब ट्रांसजेंडर समुदाय के किसी सदस्य को इतनी अहम सामाजिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पहल के माध्यम से किन्नर समाज अब धर्मनगरी हरिद्वार में स्वच्छता को लेकर जन जागरूकता फैलाएगा। स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर सोनिया अपने साथियों के साथ घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी। अभियान के तहत लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व की जानकारी दी जाएगी तथा दो डस्टबिन की व्यवस्था अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नगर निगम के आयुक्त नंदन कुमार ने इस निर्णय को सामाजिक सहभागिता की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं,बल्कि सामाजिक दायित्व है।समाज के हर वर्ग को सम्मान के साथ जोड़ने से ही स्थायी और सकारात्मक बदलाव संभव है।किन्नर समाज की भागीदारी से स्वच्छता अभियान को नई ऊर्जा और व्यापक समर्थन मिलेगा।स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त होने पर सोनिया ने कहा कि यह पूरे किन्नर समाज के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज हमेशा से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और अब स्वच्छ हरिद्वार के निर्माण में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp