Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा,सशक्तिकरण और जागरूकता के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा पुलिस आपके द्वार कार्यक्रम तथा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला थाना श्रीनगर और साइबर सेल श्रीनगर की टीम ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जाकर छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। पुलिस टीम द्वारा देवभूमि पब्लिक स्कूल नकोट और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को महिलाओं से संबंधित अपराधों,साइबर अपराधों,यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों और युवाओं को सुरक्षित व्यवहार अपनाने,सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत सहायता लेने के बारे में बताया गया। इसके अलावा यातायात पुलिस श्रीनगर द्वारा केवी स्कूल श्रीनगर में विद्यार्थियों और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं बल्कि जीवन की रक्षा से जुड़ा विषय है। उन्हें हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग,निर्धारित गति में वाहन चलाने,ज़ेब्रा क्रॉसिंग के सही उपयोग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने जैसे आवश्यक नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस का कहना है कि बच्चों के माध्यम से समाज तक सड़क सुरक्षा और जागरूकता का संदेश तेजी से पहुंचता है,जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिलती है। पौड़ी पुलिस द्वारा आगे भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp