Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद के विकासखंड बहादराबाद स्थित जमालपुर कलां गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित जमालपुर कलां पंपिंग पेयजल योजना का जल अर्पण दिवस 8 फरवरी 2026 को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति तथा पेयजल निगम हरिद्वार के सहयोग से किया गया। जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि अधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हर घर नल,हर घर जल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है,जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। इसी सोच के तहत गैस कनेक्शन,बिजली,कनेक्शन,शौचालय, आवास और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जमालपुर कलां गांव में लगभग 10,508 परिवार निवास करते हैं और सभी घरों तक नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं,जहां पर्वतीय क्षेत्र,दूरस्थ जल स्रोत और भूमिगत जल की कमी जैसी समस्याएं हैं। ऐसे में जल जीवन मिशन को सफल बनाना एक बड़ी उपलब्धि है। जल स्तर में लगातार हो रही गिरावट पर चिंता जताते हुए उन्होंने वर्षा जल संचयन को अत्यंत आवश्यक बताया और कहा कि इस योजना में रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर भी कार्य किया गया है,जो भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने जल संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और प्रत्येक जल बूंद के संरक्षण पर बल दिया। कार्यक्रम में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पेयजल योजनाओं का लाभ वास्तव में हर घर तक पहुंचे। उन्होंने लालढांग क्षेत्र में ओवरहेड वाटर टैंकों के संचालन में आ रही समस्याओं की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में पानी की समस्या गंभीर हो जाती है, इसलिए प्रत्येक टैंक पर जेनरेटर की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही हैंडपंपों की नियमित जांच और उन्हें सुचारू रखने पर भी जोर दिया। विधायक ने प्राथमिक विद्यालय जमालपुर कलां के उच्चीकरण की मांग रखते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। इस संबंध में विद्यालय के बच्चों द्वारा सांसद को अनुरोध पत्र भी सौंपा गया। उन्होंने गांव को पूर्ण रूप से सीवर लाइन से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया। कार्यक्रम के दौरान जमालपुर कलां पेयजल योजना के टैंक और नलकूप परिसर में जल रक्षा सूत्र बांधा गया और वृक्षारोपण किया गया। ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता समिति की पांच महिलाओं को पेयजल की जांच के लिए किट वितरित की गई। इस अवसर पर छात्रों द्वारा जल संरक्षण विषय पर बनाई गई पेंटिंग और ड्रॉइंग का प्रदर्शन किया गया,जिसकी अतिथियों ने सराहना की। जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं,पेंटिंग और कलाकृति प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्राथमिक विद्यालय जमालपुर कलां की छात्राओं को सम्मानित किया गया और पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष शर्मा,जिला महामंत्री आशु चौधरी,ग्राम प्रधान जमालपुर कलां हरेंद्र कुमार,जल जीवन मिशन नोडल हरिद्वार यशवीर मल्ल, अधिशासी अभियंता अनंत सैनी,राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन देहरादून से राजेश गुप्ता,अधिशासी अभियंता निर्माण शाख सुधीर कुमार,पेयजल निगम हरिद्वार के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp