Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद हरिद्वार पुलिस द्वारा 26 जनवरी 2026 से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान पुलिस आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत भगवानपुर क्षेत्र में जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जनपद स्तर से सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए थे। इसी क्रम में 8 फरवरी 2026 को भगवानपुर पुलिस द्वारा कस्बा भगवानपुर में महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई तथा गौरा शक्ति ऐप,उत्तराखंड पुलिस ऐप,आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112,महिला हेल्पलाइन 1090 और 1091, साइबर अपराध से बचाव एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को छेड़छाड़,घरेलू हिंसा और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क किया जा सकता है और पुलिस हर समय सहायता एवं सुरक्षा के लिए तत्पर है। इसके साथ ही आत्मरक्षा के सामान्य उपायों और सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए। जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सुरक्षा और विश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया तथा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp