श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की महापौर आरती भंडारी ने वार्ड संख्या 40 बिल्केदार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने वार्ड से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को महापौर के समक्ष रखा,जिन पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई। जन संवाद के दौरान महापौर आरती भंडारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि वार्डवासियों द्वारा जो भी समस्याएं उनके संज्ञान में लाई गई हैं,उनका शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। महापौर आरती भंडारी ने जन संवाद कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए व्यापार सभा अध्यक्ष बिल्केदार बिपेंद्र सिंह बिष्ट,उत्तम सिंह कठैत,सेवानिवृत्त कैप्टन दिगंबर सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह चौहान सहित कार्यक्रम में उपस्थित समस्त मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षद प्रवेश चमोली,रमेश रमोला,आशीष नेगी,अनुराग चौहान,सुरेन्द्र सिंह एवं विजय चमोली विशेष रूप से उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि बिल्केदार वासियों का स्नेह,सहयोग और आशीर्वाद ही नगर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी ताकत है। नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल शहर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को गति दी जाएगी। जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से नगर निगम और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को और मजबूती मिली है,जिससे वार्ड स्तर पर विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।
