Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर ब्लॉक के पाव अकरी गांव में लंबे समय से बनी पेयजल और सड़क की समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर गांव में मूलभूत सुविधाएं बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अकरी–बारजूला पेयजल पम्पिंग योजना में अनियमितताओं के कारण यह योजना प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो पा रही है। पाइपलाइन बिछी होने के बावजूद गांव में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस योजना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए,ताकि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सके। विक्रम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य महिपाल बुटोला ने कहा कि न्यूली पेयजल योजना का पुनर्गठन कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए और अकरी–बारजूला पेयजल पम्पिंग योजना में हुई सभी अनियमितताओं की जांच कर शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने सेल-तोक से मठुर गांव तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग भी उठाई। महिपाल बुटोला ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर प्रयासरत हैं,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज करते हुए भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पेयजल योजना के टैंक खराब पड़े हैं और विभागीय स्तर पर लापरवाही के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। क्रमिक अनशन के पहले दिन जगदीश प्रसाद डंगवाल सुशील चन्द्र मैठाणी,प्रकाश लखेड़ा,बुद्धि सिंह नेगी, बीना कोहली,विमला देवी,सजना देवी,सुदामा देवी,राजेन्द्र सिंह रावत,लक्ष्मण सिंह पंवार और सुरजदास अनशन पर बैठे। इस दौरान अकरी–बारजूला संघर्ष समिति के संयोजक राकेश कोली,जिला पंचायत सदस्य अंजली देवी,संरक्षक कुंजकृष्ण डंगवाल,क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेश मैठाणी,मनोज लखेड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp