Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

श्रीनगर गढ़वाल में फागुन मास के पावन अवसर पर 12 फरवरी बृहस्पतिवार को ऐतिहासिक श्रीराम लीला मैदान में चतुर्थ श्री श्याम संकीर्तन फागुन महोत्सव का भव्य और दिव्य आयोजन किया गया। प्रभु इच्छा तक चले इस महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने पूरे नगर को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया।महोत्सव के दौरान श्री श्याम बाबा का अलौकिक और आकर्षक दरबार सजाया गया,जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।छप्पन भोग प्रसाद, राधा की रसोई और विशेष फागुनी प्रसाद की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। सुसज्जित दरबार और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण ने आयोजन को यादगार बना दिया।भजन संध्या में देहरादून से मयूर गुप्ता,मथुरा से सोनम शर्मा और ऋषिकेश से सौरभ राज ने भजनों की प्रस्तुति दी। “हारे का सहारा श्याम हमारा” और “श्याम तेरी बंसी पुकारे” जैसे भजनों पर पूरा श्रीनगर श्याम नाम के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन होकर कीर्तन का आनंद लेते रहे।कार्यक्रम में जम्बू हनुमान की सजीव और भव्य झांकी भी सजाई गई जिसने श्रद्धालुओं को शक्ति और भक्ति का अद्भुत अनुभव कराया। झांकी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और आयोजन स्थल पर श्रद्धा और उत्साह का विशेष माहौल बना रहा। आयोजकों के अनुसार यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सांस्कृतिक चेतना सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक जागरण का सशक्त मंच है। पूरे आयोजन को पूर्ण श्रद्धा और समर्पण के साथ श्री श्याम बाबा को समर्पित किया गया।आयोजन का निवेदन श्री श्याम मित्र मंडल श्रीनगर द्वारा किया गया था,जिसमें नगर और क्षेत्र के श्रद्धालुओं से परिवार सहित सहभागिता की अपील की गई थी।कार्यक्रम में शहर के व्यापारी वर्ग,विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बाबा के दर्शन के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और श्रद्धालु व्यवस्थित रूप से बारी-बारी से आशीर्वाद ग्रहण करते रहे। भक्ति,श्रद्धा और सामाजिक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ यह फागुन महोत्सव श्रीनगर के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन में विशेष स्थान बना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp