Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में चल रहे सघन सत्यापन और जांच अभियान के दौरान कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जनसेवा केन्द्र की आड़ में जन्म प्रमाण पत्र और अन्य कुटरचित दस्तावेज तैयार कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के पर्यवेक्षण में 19 फरवरी 2026 को संयुक्त टीम ने स्थानीय अभिसूचना इकाई के सहयोग से पिरान कलियर क्षेत्र में चारमीनार के पीछे स्थित अलीशान होटल में छापेमारी की। यहां शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केन्द्र के नाम से संचालित कमरे में एक युवक लोगों के जन्म प्रमाण पत्र आधार कार्ड पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार करता मिला। जांच में पाया गया कि जारी किए गए जन्म प्रमाण पत्रों पर एक ही क्रम अंकित था और उन पर उत्तराखंड राज्य का प्रतीक चिह्न छपा था। अधिकांश प्रमाण पत्र हरिद्वार में निवासरत व्यक्तियों के नाम पर बनाए गए थे तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग नगर निगम रुद्रपुर के लेटर पैड का उपयोग किया गया था। नगर पंचायत पिरान कलियर के अधिशासी अधिकारी से पुष्टि कराने पर दस्तावेज फर्जी पाए गए। मौके से मिला मानवाधिकार आयोग का पहचान पत्र भी जांच में फर्जी निकला। पूछताछ में आरोपी शहनवाज पुत्र मौहम्मद प्यारे निवासी ग्राम दाउदपुर थाना साहिबगंज जिला मुजफ्फरपुर बिहार हाल पता अलीशान होटल पिरान कलियर जिला हरिद्वार उम्र 24 वर्ष ने बताया कि वह कुछ दस्तावेज इंटरनेट के माध्यम से तैयार करता था और कुछ ऑनलाइन मंगाकर प्रिंट निकालकर लोगों को देता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह अब तक लगभग एक हजार से अधिक जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार कर चुका है। दुकान की तलाशी में 45 कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र एक लैपटाप लैपटाप चार्जर एक माउस एक मोबाइल फोन रेडमी छह आधार कार्ड सात अलग-अलग मोहरें तथा मानवाधिकार का फर्जी पहचान पत्र बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पिरान कलियर में संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील पंत उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह हेड कांस्टेबल रविन्द्र वालियान कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह कांस्टेबल चालक नीरज राणा व स्थानीय अभिसूचना इकाई टीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp