Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार श्रीनगर गढ़वाल। तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 21 फरवरी 2026 से 3 मार्च 2026 तक चमाचम सड़क सफाई अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वच्छ हरिद्वार के संकल्प को साकार करने के लिए यह अभियान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मेरा घर मेरी सड़क विषय पर संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत जनपद की सड़कों आंतरिक मार्गों सेवा लेन ऊपरी पुलों पगडंडियों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य स्वच्छता के उच्च मानकों को स्थापित करना और राज्य में आने वाले पर्यटकों के बीच सकारात्मक संदेश देना है।अभियान की सफलता के लिए जिलाधिकारी द्वारा नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को सड़क किनारे क्षेत्र की सफाई संकेतक पट्टों और गति अवरोधकों की मरम्मत पुलों के पहुंच मार्ग तथा नहर मार्गों के आसपास स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर निगम हरिद्वार एवं रुड़की नगर पालिका और नगर पंचायत पंचायत राज विभाग मंडी परिषद गन्ना विकास विभाग वन विभाग राजाजी राष्ट्रीय उद्यान प्रशासन जिला उद्योग केंद्र सिडकुल छावनी परिषद रुड़की राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण लोक निर्माण विभाग ग्रामीण निर्माण विभाग प्रांतीय निर्माण खंड सिंचाई विभाग गंगनहर निर्माण खंड तथा बीएचईएल हरिद्वार सहित सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को उनके कार्यक्षेत्र में अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने जनभागीदारी पर विशेष बल देते हुए सभी जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें अपने घरों और आसपास की सड़कों की सफाई में सहयोग करें तथा अन्य लोगों को भी प्रेरित करें।सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि वे स्वच्छता अभियान से पूर्व और उपरांत के छायाचित्र स्थान विवरण सहित निर्धारित संपर्क माध्यम पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp