प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार दिनांक 25 फरवरी 2026 को जनपद टिहरी गढ़वाल के चम्बा क्षेत्र में औषधि निरीक्षण विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स पर उपलब्ध मादक Narcotic एवं मन:प्रभावी Psychotropic औषधियों के स्टॉक का सत्यापन किया गया तथा उनके क्रय-विक्रय अभिलेखों की गहन जांच की गई। साथ ही प्रतिष्ठानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान एक मेडिकल स्टोर में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसके क्रय-विक्रय को मौके पर ही तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। इसके अतिरिक्त दो अन्य मेडिकल स्टोर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। जिला प्रशासन द्वारा सभी मेडिकल स्टोर्स को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मादक अथवा मन:प्रभावी औषधि का विक्रय बिना पंजीकृत चिकित्सक Registered Medical Practitioner-RMP के वैध पर्चे के न किया जाए। यदि इस संबंध में किसी प्रकार का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।निरीक्षण दल में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी.नेगी एवं औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
