Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसंवाद/जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जनसंवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान मैखंडा निवासी रमेश लाल ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान उनकी गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई थी लेकिन अब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। वहीं नारायणकोटी निवासी जसपाल लाल ने भी एनएच द्वारा उनकी दुकान तोड़े जाने के बाद मुआवजा न मिलने की समस्या रखी। इसके अलावा तिलवाड़ा निवासी सुबोध चमोला ने भूमि से संबंधित प्रकरण की फाइल लंबे समय से तहसील स्तर पर लंबित होने की जानकारी दी। नाग जगई निवासी ऋतिक ने अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहायता की मांग की जबकि कांडा गांव की विजया देवी ने बीपीएल कार्ड बनाए जाने का अनुरोध किया। जनसंवाद कार्यक्रम में भरदार जागरूकता मंच के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद डिमरी ने सिलगांव-मठियाणा-सौंदा मोटर मार्ग के निर्माण की मांग उठाई। वहीं मंच के महासचिव भगत सिंह चौहान ने सुमाड़ी-कंडाली मोटर मार्ग पर उखड़े डामर की मरम्मत और नालियों के निर्माण की मांग रखी। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतों के निस्तारण की जानकारी जिला कार्यालय के साथ-साथ संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पोर्टल पर 216 शिकायतें लंबित हैं जिनका शीघ्र निस्तारण किया जाना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि 1 जनवरी 2025 से अब तक 3346 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रामप्रकाश मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.आशीष रावत अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ आर.पी.नैथानी जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp