Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 61 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं जिनमें से 35 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। जनसुनवाई में राजस्व‌ भूमि विवाद विद्युत राशन अतिक्रमण और पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। इस दौरान कई फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। ज्वालापुर के जगदीश नगर निवासी सतीश कुमार अरोड़ा ने हरिलोक आवासीय योजना के अंतर्गत खरीदे गए अपने भूखंड के एक हिस्से के वर्ष 2014 में एनएच-58 के लिए अधिग्रहण के बावजूद अब तक मुआवजा न मिलने की शिकायत की। वहीं बलवंत सिंह निवासी औरंगाबाद ने अपनी भूमि पर पड़ोसी द्वारा अवैध रूप से मेड़ बांधकर पोपलर के पेड़ लगाने की शिकायत करते हुए भूमि की पैमाइश और डोलबंदी कराने की मांग की। ग्राम ऐथल बुजुर्ग निवासी सोराब अली ने विधायक निधि से बन रही सड़क में घटिया निर्माण सामग्री उपयोग किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम पंचायत हजारा ग्रांट की प्रधान ममतेश ने वाल्मीकि बस्ती से नदी की ओर जाने वाली बंद पड़ी चकरोड को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की। इसके अलावा डॉ.हिमांशु त्रिवेदी ने चंद्राचार्य चौक और रेलवे फाटक ज्वालापुर क्षेत्र में फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। शिवगंगा बिहार कॉलोनी के क्षेत्रवासियों ने दादूपुर और गोविंदपुर क्षेत्र में प्लास्टिक कबाड़ जलाने से फैल रहे प्रदूषण को लेकर शिकायत दर्ज कराते हुए कबाड़खाने को हटाने की मांग की। वहीं ग्राम फेरूपुर निवासी राजबीर ने अपनी भूमि की पैमाइश कराने के लिए आवेदन दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान करें।
*सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश*
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 588 और एल-2 स्तर पर 118 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फोन के माध्यम से संपर्क कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के.सिंह जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार परियोजना निदेशक उरेडा वाई.एस.बिष्ट सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp