Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्ष्मणझूला-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस द्वारा सत्यापन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यह अभियान जहां एक ओर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए छिपे अपराधियों के लिए कड़ा संदेश दे रहा है वहीं जरूरतमंद लोगों के लिए सहारा भी बन रहा है। इसी क्रम में दिनांक 9 मार्च 2026 को प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करते समय पुलिस को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और उसका सत्यापन किया। पूछताछ में पता चला कि उक्त व्यक्ति लगभग 20–25 दिन पहले चंडीगढ़ से लापता हो गया था। व्यक्ति ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी कारण बिना बताए घर से निकल गया था तथा तब से इधर-उधर भटक रहा था। इस दौरान उसके परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आवश्यक जानकारी जुटाकर उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर परिजन कोतवाली लक्ष्मणझूला पहुंचे जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद व्यक्ति को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने परिजन को सुरक्षित पाकर परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली और पौड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पौड़ी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन सत्यापन अभियान–2026 के तहत जनपद भर में संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन और निगरानी लगातार जारी है जिससे अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp