Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी झील महोत्सव–2026 के सफल आयोजन के अंतिम दिन सोमवार को मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद घाट के समीप खारास्रोत आस्था पथ पर काइट फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने स्कूली बच्चों विदेशी पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पतंग वितरित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा हमारी लाइफ लाइन है, इसके बिना जीवन अधूरा है। इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी है कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के टिहरी भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन में टिहरी झील महोत्सव के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्रों को जोड़ने का प्रयास किया गया है।साथ ही पुरानी टिहरी शहर की यादों को संजोते हुए देव डोलियों का संगम कराने महत्वपूर्ण ट्रैक रूटों को बढ़ावा देने और उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को संरक्षित करने का प्रयास भी किया गया है। उन्होंने कहा कि संस्कृति हमारी धरोहर है इसलिए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से अवगत कराना जरूरी है। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि टिहरी झील महोत्सव के माध्यम से जिला प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ते हुए पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने का सराहनीय कार्य किया है। वहीं नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं का ज्ञान हो सके। कार्यक्रम के दौरान रविवार को आयोजित रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार वितरित किए गए।टूरिस्ट कैटेगरी में गढ़वाल मंडल विकास निगम की टीम प्रथम संगम एडवेंचर द्वितीय और रिवर एक्सप्लोरर तृतीय स्थान पर रही। वहीं प्रोफेशनल कैटेगरी में रेड चिल्ली टीम ने प्रथम नेचर रैपिड एक्सपेडिशन ने द्वितीय तथा पैरा माउंट टूर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल ढालवाला के बच्चों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों लोगों ने पतंगबाजी का आनंद लिया। इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल डीएफओ मुनिकीरेती दिगंत परमार्थ निकेतन प्रतिनिधि दीपक वार्ड सदस्य विनोद सकलानी मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी एसडीएम आशीष घिल्डियाल खंड विकास अधिकारी श्रुति वत्स ईओ मुनिकीरेती अंकिता जोशी ईओ तपोवन अंजलि रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी स्थानीय लोग विदेशी पर्यटक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp