Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार की पहल पर आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनके द्वार पर ही उपलब्ध कराने हेतु चलाए जा रहे जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत बमोली अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिमारखाल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। आयोजित शिविर में कुल 21 शिकायतें दर्ज की हुई जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शिविर के माध्यम से 130 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में राजस्व समाज कल्याण‌स्वास्थ्य कृषि उद्यान पंचायतीराज पेयजल विद्युत बाल विकास शिक्षा समेत अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की। कई ग्रामीणों ने मौके पर ही अपने आवेदन जमा कराए जिनका संबंधित विभागों द्वारा परीक्षण किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की पूरी जानकारी दी जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में चलाया जा रहा जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला या तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और मौके पर ही उनका समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिले। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रेखा आर्य खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp