Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुम्भ मेला 2027 के सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मेला प्रशासन ने सड़क और रेल यातायात से जुड़ी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में मेला अधिकारी Sonika ने कुम्भ मेला नियंत्रण भवन हर की पैड़ी में प्रशासन पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण रेलवे और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कुम्भ क्षेत्र की सड़कों चौराहों और रेलवे स्टेशनों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कुम्भ मेला क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों सड़क चौड़ीकरण मरम्मत यातायात प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मेला अधिकारी ने सभी निर्माण और सुधार कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए ताकि कुम्भ मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेला अधिकारी ने कहा कि कुम्भ मेला विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है जिसमें देश विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्गों की बेहतर स्थिति सुचारु यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कुम्भ क्षेत्र से गुजरने वाले सभी राजमार्गों और प्रमुख चौराहों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सड़कों पर ब्लैक टॉप कराया जाए तथा मार्गों का सौंदर्यीकरण बेहतर प्रकाश व्यवस्था और चौराहों का सुधार किया जाए। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए स्पष्ट दिशा संकेतक और सूचना बोर्ड लगाए जाएं ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मार्ग ढूंढने में परेशानी न हो। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग रिफ्लेक्टर और अन्य आवश्यक संकेतक भी लगाए जाएं। मेला अधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को हरिद्वार नजीबाबाद राजमार्ग तथा हरिद्वार रिंग रोड से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुम्भ मेले के दौरान यातायात प्रबंधन काफी हद तक इन महत्वपूर्ण मार्गों पर निर्भर करेगा इसलिए इन परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जाए और निर्माण कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की देरी या लापरवाही पाई गई तो इसकी जानकारी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों को देकर आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।उन्होंने कहा कि कुम्भ मेले जैसी विशाल व्यवस्था के लिए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा। बैठक में मोतीचूर क्षेत्र में स्थित पुराने मार्ग को कुम्भ मेले के दौरान उपयोग में लाने की संभावना पर भी चर्चा की गई।मेला अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उस मार्ग का निरीक्षण कर उसकी स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और वहां स्थित पुराने पुल की तकनीकी जांच कर उसकी मजबूती सुनिश्चित की जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर इसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में सुरक्षित रूप से इस्तेमाल किया जा सके। रेलवे व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मेला अधिकारी ने कहा कि हरिद्वार मोतीचूर और ज्वालापुर सहित आसपास के सभी रेलवे स्टेशनों पर मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं अभी से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने हरिद्वार रेलवे स्टेशन से हिल बाईपास की ओर संभावित निकास मार्ग की संभावना तलाशने के लिए लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को निरीक्षण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला 2027 की सफलता के लिए समयबद्ध योजना निरंतर निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें। बैठक में Mayur Dixit प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित जिला प्रशासन पुलिस विभाग लोक निर्माण विभाग सिंचाई विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। देहरादून से पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी सहित कई अधिकारियों ने वीडियो माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp