प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में मातृत्व स्वास्थ्य एवं क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें जन्म-मृत्यु पंजीकरण पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करने स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सुधार लाने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में मातृत्व मृत्यु के मामलों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में प्रस्तुत मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रत्येक घटना के कारणों का विश्लेषण किया गया और पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच संस्थागत प्रसव उच्च जोखिम गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान और रेफरल व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए समय पर जांच उपचार की निरंतरता और मरीजों की निगरानी को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और मरीजों को उपचार के दौरान सहयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। जन्म-मृत्यु पंजीकरण के अंतर्गत जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा करते हुए प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने तथा शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल मुख्य चिकित्साधिकारी श्याम विजय डीडीओ मो.असलम सीएमएस अमित राय डीपीआरओ एमएम खान क्षय रोग अधिकारी जितेंद्र भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
टिहरी में जिलाधिकारी ने मातृत्व स्वास्थ्य और क्षय उन्मूलन की समीक्षा में लापरवाही पर सख्त चेतावनी दी
