Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने एनआईसी सभागार में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में मेयर किरण जैसल जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मंत्री ने एलपीजी गैस समस्या के समाधान के लिए आश्रमों धर्मशालाओं और होटलों में पीएनजी गैस कनेक्शन प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो और आवश्यकता पड़ने पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए। सीवरेज कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने नगर क्षेत्र में खोदी गई सड़कों को जून माह तक हर हाल में ठीक करने के निर्देश दिए। इसके लिए कार्यों में तेजी लाने और अतिरिक्त श्रमिक लगाने को कहा गया। कुंभ मेले की तैयारियों पर चर्चा करते हुए मंत्री ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। विद्युत व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए गए कि अंडरग्राउंड लाइन का कार्य तेजी से पूरा किया जाए और जहां सिंगल लाइन है वहां डबल लाइन डाली जाए।आश्रमों और अखाड़ों को भी इंटर लाइन से जोड़ने को कहा गया ताकि मेले के दौरान विद्युत व्यवस्था सुचारू बनी रहे।चारधाम यात्रा को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने और यातायात बाधित न होने देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बैठक में बताया कि मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान एचआरडीए सचिव मनीष कुमार अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती एसएलओ आकाश जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp