Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। माँ धारी देवी मंदिर परिसर क्षेत्र में बढ़ती गंदगी और प्लास्टिक कचरे को लेकर नगर निगम श्रीनगर ने सख्त रुख अपनाया है। महापौर आरती भंडारी ने मंदिर समिति अध्यक्ष पंडित जगदम्बा प्रसाद पांडेय और उपाध्यक्ष पंडित राजेश पांडेय के साथ मंदिर परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर क्षेत्र नदी तट और आसपास फैली गंदगी पर नाराजगी जताई गई। निरीक्षण के दौरान महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रतिदिन मंदिर परिसर में कूड़ा वाहन भेजा जा रहा है इसके बावजूद कुछ लोग और दुकानदार प्लास्टिक बोतलें रैपर और अन्य कूड़ा परिसर व नदी किनारे फेंक रहे हैं जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वह अपना समस्त कूड़ा केवल नगर निगम के कूड़ा वाहन में ही डालें। साथ ही मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक उत्पाद पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। कहा कि माँ धारी देवी मंदिर की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें और प्लास्टिक उपयोग के बाद उसे डस्टबिन में ही डालें। महापौर ने कहा कि नगर निगम मंदिर परिसर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है तथा आने वाले समय में स्वच्छता अभियान को और अधिक सख्ती के साथ चलाया जाएगा। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp