Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। एनडीआरएफ की टीम द्वारा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के सहयोग से एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत 21 मई 2026 को विकासखंड नरेंद्रनगर के राजकीय इंटर कॉलेज तपोवन में स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 104 छात्र-छात्राओं शिक्षकों और विद्यालय कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ टीम ने आपदाओं से बचाव प्राथमिक उपचार स्टेचर के अस्थायी निर्माण के तरीके तथा खोज एवं बचाव कार्यों में प्रयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों की जानकारी दी। टीम द्वारा आपदा के दौरान बचाव संबंधी डेमो भी प्रस्तुत किया गया तथा उपस्थित अध्यापक अध्यापिकाओं कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। एनडीआरएफ टीम के टीम लीडर सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि 15वीं बटालियन एनडीआरएफ के कमांडेंट संतोष कुमार के दिशा-निर्देशन में टिहरी गढ़वाल जनपद में लगातार इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 6 मई से 23 मई 2026 तक जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड चंबा और नरेंद्रनगर के विभिन्न चयनित स्थानों पर एसएसपी एवं सीएपी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर संतोष प्रसाद पुरोहित और 15वीं एनडीआरएफ टीम के साथ जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने आपदा प्रबंधन विभाग की कार्यप्रणाली आपदा प्रबंधन के विभिन्न चरणों तथा आपातकालीन टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी। वन विभाग की ओर से वन दारोगा राकेश रावत ने वनाग्नि से बचाव और जंगली जानवरों से सुरक्षा के उपायों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज तपोवन के प्रधानाचार्य प्रकाश बहुगुणा ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आपदाओं से बचाव के लिए पूर्व तैयारी और जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आपदा प्रबंधन संबंधी जानकारी को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp