Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय योग संस्थान हरिद्वार इकाई के पश्चिमी जिले रोशनाबाद केंद्र पर आयोजित पांच दिवसीय मोटापा रोग निवारण योग शिविर का समापन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ हुआ। समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आर.के.सिंह मौजूद रहे। समापन अवसर पर हरिद्वार के विभिन्न विभागों और जिलों के अधिकारियों ने प्रतिभाग कर कार्यक्रम को विशेष और यादगार बनाया। रोशनाबाद केंद्र के साधकों पश्चिमी जिले की टीम तथा अन्य जिलों से आए प्रतिभागियों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन शिल्पी जूनियर इंजीनियर उरेडा विभाग द्वारा किया गया। वहीं मीरा रावत जय ध्यानी और केंद्र की पूरी टीम के सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन संपन्न हुआ। शिविर के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि वर्तमान समय में मोटापा तेजी से बढ़ती गंभीर समस्या बन चुका है जिससे योग नियमित व्यायाम और संतुलित खान-पान के माध्यम से प्रभावी रूप से बचाव किया जा सकता है। पांच दिवसीय शिविर के दौरान मोटापा निवारण के लिए विभिन्न शारीरिक क्रियाएं योगासन प्राणायाम और ध्यान का नियमित अभ्यास कराया गया। शिविर में लगभग 60 से 70 साधकों ने नियमित रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से फीडबैक भी लिया गया। साथ ही संस्थान की शिक्षण सामग्री और उत्पादों का स्टॉल भी लगाया गया जिसे लोगों ने काफी सराहा। समापन सत्र में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आर.के.सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य में योग की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय योग संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क योग केंद्रों की सराहना करते हुए लोगों से ऐसे शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। अंत में जय प्रकाश सिंघले द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया जिसके साथ शिविर का विधिवत समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp